Uncategorized

जल जीवन मिशन में धमतरी जिले की उल्लेखनीय उपलब्धि, छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान

530 ग्रामों में हर घर जल की सुविधा, चार बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाओं से 219 गांव होंगे लाभान्वित


धमतरी। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की दिशा में धमतरी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। हर घर जल अभियान के तहत धमतरी जिला पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर है। जिले के कुल 622 ग्रामों में से लगभग 530 ग्रामों में हर घर जल की उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। इस प्रकार जिले के 85 प्रतिशत से अधिक गांवों में ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। घर-घर नल कनेक्शन की सुविधा से ग्रामीण परिवारों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को दूर स्थित हैंडपंप, कुएं अथवा अन्य जल स्रोतों से पानी लाने में लगने वाले समय एवं श्रम से राहत मिलेगी। योजना से स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
जल संकट वाले क्षेत्रों में चार बड़ी बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाएं
जिले के ऐसे क्षेत्रों, जहां भूजल स्तर कम होने अथवा गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति निर्मित होती है, वहां बहुग्रामीय जल प्रदाय योजना (मल्टी विलेज स्कीम) के माध्यम से स्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित की जा रही है। जिले में चार प्रमुख योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिनसे कुल 219 गांव लाभान्वित होंगे। इनमें कुरूद विकासखंड की सिर्री बहुग्रामीय जल प्रदाय योजना से 84 गांव, मगरलोड की मेघा योजना से 59 गांव, नगरी की घटुला योजना से 36 गांव तथा नगरी की सांकरा योजना से 40 गांव लाभान्वित होंगे। इन योजनाओं के माध्यम से विश्वसनीय जल स्रोतों से पाइपलाइन नेटवर्क द्वारा अनेक गांवों तक पेयजल पहुंचाया जाएगा। इससे गर्मी के दिनों में जलस्तर कम होने वाले क्षेत्रों में भी पेयजल की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
धमतरी जिले का राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना सामूहिक प्रयासों का परिणाम है – कलेक्टर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले का राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना अधिकारियों, मैदानी अमले, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के शेष गांवों को भी हर घर जल की सुविधा से जोडऩे के लिए कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है। जल स्रोतों की स्थिरता, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और नियमित जलापूर्ति पर विशेष ध्यान देते हुए धमतरी को पूर्णत: नल-जलयुक्त जिला बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!