महंगाई ने बिगाड़ा लोगों के घरों का बजट- लेखराम साहू
पूर्व विधायक ने कहा, दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामो में वृद्धि आम आदमी की कमर तोड़ रही है

धमतरी। शक्कर और प्याज समेत रोजमर्रा की जरूरत की खाद्य वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शक्कर और प्याज की कीमत ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। शक्कर, प्याज जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम बढऩा सीधे तौर पर मध्यम एवं गरीब परिवार की रसोई को प्रभावित करता है। पहले से ही बढ़ती घरेलू जरूरतों और सीमित आय के बीच महंगाई का अतिरिक्त बोझ जनता के लिए चिंता का विषय बन गया है। महिलाओं को हर दिन रसोई का बजट संभालने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। विष्णु देव सरकार को जनता को मंहगाई से राहत देने की पहल करना चाहिए।
लेखराम साहू ने आगे कहा कि राज्य व केन्द्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। अच्छे दिन का वादा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार जनता को बुरे दिखा रही है। विष्णुदेव साय सरकार में सांय-सांय मंहगाई बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ महीनों में दैनिक उपयोग की अनेक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे है जिससे आम आदमी के रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। आमजनता मंहगाई से त्रस्त हो चुकी है।

