तीजा पर्व पर भखारा में गूंजा रामधुनी का भक्तिमय स्वर
पुराना बाजार चौक में भक्ति, लोक संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने किया रामधुनी प्रतियोगिता का शुभारंभ

भखारा। ससुराल से मायके पधारी बहन-बेटियों के प्रमुख पर्व तीजा के पावन अवसर पर भखारा के हृदय स्थल पुराना बाजार चौक में दो दिवसीय रामधुनी प्रतियोगिता का भव्य एवं भक्तिमय शुभारंभ हुआ। वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस रामधुनी प्रतियोगिता में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर रामधुनी की स्वर लहरियां गूंज उठीं। विभिन्न रामधुनी मंडलियों ने भक्ति गीत, संगीत, नृत्य और आकर्षक झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम की कथा एवं आदर्शों को जीवंत कर दिया। भक्तिमय प्रस्तुतियों से पूरा पुराना बाजार चौक आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया।रामधुनी की भक्तिमय धारा में डुबकी लगाने के लिए तीजारिन बहनों सहित सैकड़ों श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे। विशेष रूप से मायके आई बहन-बेटियों के लिए यह आयोजन भक्ति के साथ-साथ अपने पुराने स्नेह, रिश्तों और लोक परंपराओं से जुड़ने का अवसर बना।
मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख ने तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीजा हमारे छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों का पर्व है। ससुराल से मायके आई बहन-बेटियों के लिए यह पर्व विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर सभी सखी-सहेलियां और बहनें वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलती हैं, बचपन की पुरानी यादें साझा करती हैं और सुख-दुख की बातें करती हैं।
उन्होंने कहा कि रामधुनी प्रतियोगिता हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति और पुरानी परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं। तीजा के अवसर पर आयोजित यह रामधुनी कार्यक्रम भक्ति और सामाजिक सद्भाव का सुंदर उदाहरण है।
ज्योति हरख जैन ने सभी रामधुनी मंडलियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी और तीज पर्व को प्रेम, सौहार्द एवं उत्साह के साथ मनाने की शुभकामनाएं दीं।
उपाध्यक्ष विष्णु साहू ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, प्रेम और पारिवारिक रिश्तों का पर्व है। मायके आई बहन-बेटियों के स्वागत और उनके साथ खुशियां बांटने का यह अवसर हम सभी के लिए विशेष है। रामधुनी प्रतियोगिता हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ पुरानी लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने का सुंदर माध्यम है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम सभी समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखें। पार्षद झम्मन साहू ने कहा कि तीजा हमारे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और बहन-बेटियों के स्नेह का पावन पर्व है। रामधुनी प्रतियोगिता के माध्यम से हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ पुरानी लोक परंपराएं भी जीवंत रहती हैं। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम सभी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ इस पर्व को मनाएं। कार्यक्रम के प्रारंभ में पूजन अर्चन भजन हुआ।बाद में अतिथियों के स्वागत पश्चात अतिथियों को भगवान का छायाचित्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू, पार्षद चांदनी साहू, झम्मन साहू, चक्र सुदर्शन चंदेल, नेमू राम साहू सहित बस्ती पंचायत अध्यक्ष दिनेश साहू, अनिल निर्मलकर, ईश्वर साहू एवं आयोजन समिति के समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।रामधुनी की गूंज, भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों और श्रद्धालुओं की उमंग के बीच भखारा में तीज पर्व का यह आयोजन धर्म, संस्कृति, परंपरा और भाईचारे का मनोहारी संगम बन गया।
