Uncategorized

कुरुद के कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि


कुरुद। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह को कुरुद के कांग्रेस भवन में स्थानीय कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेसी नेताओं ने स्व. मनमोहन सिंह के योगदान को सराहा और कहा कि उनका कार्यकाल भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण था। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से देश को वैश्विक मंच पर एक मजबूत स्थिति में पहुँचाया। कांग्रेसियों ने बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह का राजनीतिक सफर अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा, जिसमें वे गवर्नर, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री जैसे अहम पदों पर कार्यरत रहे। वे न केवल आर्थिक नीतियों के मास्टरमाइंड थे, बल्कि उनकी दूरदर्शिता और साहस ने भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक संकटों के बावजूद मजबूती प्रदान की। उनका प्रधानमंत्री कार्यकाल कई ऐतिहासिक निर्णयों का साक्षी था, जिसमें शिक्षा का अधिकार, भोजन का अधिकार, सूचना का अधिकार और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना मनरेगा जैसी योजनाएं शामिल थीं। ये योजनाएं आज भी आम जनता के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। श्रद्धांजलि सभा में ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष शर्मा ने स्व. मनमोहन सिंह को एक प्रखर और ईमानदार नेता बताते हुए कहा कि उनका योगदान देश के लिए अमूल्य रहेगा। पूर्व यूंका प्रदेश अध्यक्ष राजकुमारी दीवान ने कहा कि उनके द्वारा लागू की गई योजनाएं समाज के हर वर्ग के लिए हितकारी रही हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चन्द्राकार ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की नीतियों के कारण भारत ने आर्थिक मंदी के समय भी उन्नति की दिशा में कदम बढ़ाया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रहलाद चंद्राकर ने स्व. सिंह की विनम्रता और ईमानदारी को सराहा। पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश्वर साहू, पूर्व प्रदेश सेवादल संयोजक रवि शर्मा, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवव्रत साहू और अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. मनमोहन सिंह का योगदान भारतीय राजनीति में हमेशा याद किया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में ब्लाक कांग्रेस महामंत्री महिम शुक्ला, लव चन्द्राकर, लेखराम साहू, जितेन्द्र साहू, उमेश साहू और अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!