सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा में लगा रक्तदान शिविर

अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने कहा रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जनसेवा की मिसाल, तहसीलदार भूपेश चंद्राकर, सीएमओ हरिकृष्ण पवारिया सहित अनेक लोगों ने किया रक्तदान
भखारा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महाविद्यालय एवं आईटीआई के विद्यार्थियों सहित विभिन्न ग्रामों से पहुंचे रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत भखारा-भठेली की अध्यक्ष ज्योति हरख जैन की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर भखारा तहसीलदार भूपेश चंद्राकर ने रक्तदान कर अभियान की शुरुआत में सहभागिता निभाई। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पवारिया ने भी रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक बन सकता है। रक्तदान शिविर के प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे हम किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में अपना योगदान दे सकते हैं। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए स्वस्थ नागरिकों को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।इस अवसर पर भाजपा मंडल प्रभारी आनंद यदु, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सिंह,उपाध्यक्ष विष्णु साहू,सभापति छबीलाल निर्मलकर, पार्षद भूपेंद्र यादव, एल्डरमैन दीनू निर्मलकर,जीतेन्द्र साहू सभापति भूपेश्वरी चंदेल सहित जनप्रतिनिधि, अस्पताल स्टाफ एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे.
रेडक्रॉस और जिला अस्पताल की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
रक्तदान शिविर को सफलतापूर्वक संपादित कराने के लिए जिला अस्पताल धमतरी की टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा पहुंची। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. गौरव बंगानी के नेतृत्व में अस्पताल स्टाफ ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
