Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना हितग्राहियों को बांटे आशीर्वाद के दीये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने हितग्राहियों से साझा की खुशियां

धमतरी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनकी 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा, जनसेवा और जनकल्याण के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के बीच पहुंचकर आशीर्वाद के दिया वितरित किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को विशेष प्राथमिकता मिली है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, मजदूर, किसान, महिला और जरूरतमंद परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अनेक परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ मनाना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत करता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनना और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। महापौर ने सभी हितग्राहियों से संवाद करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!