सेवा पखवाड़ा के तहत जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर:सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश लेकर आगे बढ़ रहा सेवा पखवाड़ा

जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन, महापौर रामू रोहरा ने किया शुभारंभ
धमतरी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत जिलेभर में सेवा, समर्पण, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिला अस्पताल धमतरी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर शरामू रोहरा ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी सहित स्टॉप उपस्थित रहे।महापौर रामू रोहरा ने रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का अवसर है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, ऐसे में पर्याप्त रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी सेवा भावना के साथ अपनी सहभागिता निभाई। जिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा रक्तदान से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
‘सेवा पखवाड़ा’ के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। रक्तदान शिविर जैसे आयोजन समाज में परस्पर सहयोग, संवेदनशीलता और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

