आशीर्वाद का दीया से जगमगाया रूद्रेश्वर मंदिर घाट
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिकों ने व्यक्त की सहभागिता

सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर : विधायक श्री चंद्राकर
धमतरी- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा के अवसर पर आज जिला मुख्यालय धमतरी से लगे रूद्रेश्वर मंदिर घाट, रूद्री में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। संध्या समय बड़ी संख्या में प्रज्ज्वलित दीपों से रूद्रेश्वर मंदिर घाट आलोकित हो उठा। कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, समर्पण, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी के साथ अभिव्यक्त किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर थे। महापौर नगर निगम धमतरी रामू रोहरा, पुलिस अधीक्षक श्रीमति भावना पांडेय, अध्यक्ष जनपद धमतरी श्रीमती अंगीरा ध्रुव, निगम सभापति श्रीमती कौशल्या देवांगन सदस्य पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू, जिला पंचायत श्रीमती मोनिका देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अतिथियों ने आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित किया ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ सभी चारों विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, गांवों, चौक-चौराहों, शासकीय कार्यालय परिसरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल-कॉलेज परिसरों, प्रतिष्ठानों तथा घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिक अभियान से जुड़ रहे हैं। कर्णेश्वर महादेव मंदिर सिहावा, विंध्यवासिनी मंदिर धमतरी और अंगारमोती माता मंदिर गंगरेल सहित विभिन्न स्थलों पर भी नागरिकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं सकारात्मकता का संदेश दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनमन आवास एवं अटल आवास जैसे आवासीय परिसरों में भी सहभागिता दर्ज की जा रही है।
मुख्य अतिथि विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा के अवसर पर देशभर में सेवा और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का यह अभिनव प्रयास है। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक-एक दीपक केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में देश के विकास को नई दिशा देने के अनेक प्रयास हुए हैं। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण को केंद्र में रखकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
श्री चंद्राकर ने धमतरी जिले में अभियान के प्रति नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि गांव-गांव, घर-घर और प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिक जिस उत्साह के साथ जुड़ रहे हैं, वह सामूहिक सेवा भावना का परिचायक है। उन्होंने नागरिकों से सेवा और विकास के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाने तथा अपने आसपास के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।महापौर रामू रोहरा ने कहा कि आशीर्वाद का दीया सेवा और संस्कार की सुंदर अभिव्यक्ति है। दीपक जिस प्रकार अंधकार को दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार सेवा का भाव समाज में सकारात्मकता, विश्वास और सहयोग का प्रकाश फैलाता है। उन्होंने कहा कि धमतरी की जनता ने हमेशा विकास और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई है। धार्मिक स्थलों से लेकर गांवों, चौक-चौराहों, शासकीय कार्यालयों और घरों तक प्रज्ज्वलित हो रहे दीपक जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प के प्रतीक हैं।
पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान ने सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया है। ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सकारात्मक और रचनात्मक संदेश मिल रहा है। भारतीय संस्कृति में दीप प्रज्ज्वलन शुभता, आशा और नई ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज प्रज्ज्वलित प्रत्येक दीपक जनसेवा, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और अधिक जीवंत एवं गरिमामय बना दिया। रूद्रेश्वर मंदिर घाट पर एक साथ जगमगाते दीपों का दृश्य सेवा, सहभागिता और सामूहिक संकल्प का भावपूर्ण प्रतीक बना।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्थानीय कलाकारों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में रूद्रेश्वर मंदिर घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं और उपस्थित नागरिकों ने भक्तिभाव के साथ आरती में सहभागिता की।मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने अतिथियों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया.