सोरिद वार्ड में धूमधाम मना मातर उत्सव यादवों की टोली ने श्री कृष्ण की शोभायात्रा निकाली
बच्चों और युवक-युवतियों का राउत नाचा रहा आकर्षक

धमतर – सोरिद वार्ड में दीपावली पर्व परम्परागत रीति से शांतिपूर्वक मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा में यादवों की टोली में सामाजिक युवक-युवतियों और बच्चों का राउत नाचा आकर्षक रहा।
22 अक्टूबर बुधवार को गोवर्धन पूजा और 23 अक्टूबर गुरूवार को भाईदूज मातर उत्सव यादव समाज द्वारा वार्डवासियों के सहयोग से मनाया गया। गौरी-गौरी देव विसर्जन के बाद संध्या बेला में सहाड़ा देव स्थल पर गौधन से गोवर्धन पूजा की परम्परा पूरी की गई। दूसरे दिन राधाकृष्ण मंदिर परिसर से भगवान की शोभायात्रा निकाली गई जिसमें यादव बन्धुओं, युवक-युवतियों की टोली शामिल रही। सभी ने पाम्परिक वेशभूषा में राउत नाचा का प्रदर्शन किया, राउत नाचा में उत्साही बच्चे भी अपने अंदाज में थिरकते रहे,शोभायात्रा वार्ड के प्रमुख मार्गो से होते हुए शीतला मंदिर के सामने कार्यक्रम स्थल सहाड़ा देव परिसर पहुंचा, जहां मातर उत्सव का आयोजन हुआ। जिससे नागरिक काफी प्रभावित हुए। कार्यक्रम का सभी समाज के नागरिकों महिला-पुरूष व बच्चों ने आनंद उठाकर उत्सव का खीर-खिचड़ी प्रसादी ग्रहण किये।
महिला संगठन का रहा विशेष सहयोग
सोरिद वार्ड के भाईदूज मातर उत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज की महिला संगठन के सदस्यो का विशेष सहयोग रहा। खीर-खिचड़ी प्रसाद निर्माण एवं वितरण सहित अन्य व्यवस्था में झिरिया एवं कोसरिया यादव समाज की महिलाओं ने सहभागिता निभाई।
बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मन मोहा
मातर उत्सव कार्यक्रम में यादव टोली के राउत नाचा के साथ मंच पर समाज के होनहार बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुति केवल छत्तीसगढ़ी संगीत की धुन में छत्तीसगढ़ी परम्परा के अनुसार पोषाक में नृत्य कर सबकों प्रभावित किया। प्रस्तुति से खुश होकर अतिथियों ने नगद राशि का पुरस्कार प्रदान किया।

