गणेश विसर्जन के लिए नगर निगम ने की व्यापक व्यवस्था:25 एवं 26 सितंबर को होगा विसर्जन, चिन्हांकित तालाबों में ही प्रतिमा विसर्जन अनिवार्य
सभी गणेश उत्सव समितियां एवं श्रद्धालु निर्धारित स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें तथा सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं में निगम का सहयोग करें- रामू रोहरा

धमतरी। गणेशोत्सव के समापन अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर पालिक निगम धमतरी ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 25 एवं 26 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। छोटी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शीतला तालाब, खोड़िया तालाब, बनिया तालाब एवं रत्नाबांधा तालाब को चिन्हांकित किया गया है। इन सभी स्थानों पर निगम का अमला मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा।
महापौर श्री रोहरा ने कहा कि गणेश विसर्जन हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी गणेश उत्सव समितियां एवं श्रद्धालु निर्धारित स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें तथा सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं में निगम का सहयोग करें।
आयुक्त अरुण कुमार वर्मा द्वारा विसर्जन व्यवस्था को लेकर आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार नगर निगम द्वारा जिन स्थानों को गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए चिन्हांकित किया गया है, विसर्जन उन्हीं निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा। अन्य स्थानों पर गणेश प्रतिमा विसर्जन पूर्णतः वर्जित रहेगा।
उपायुक्त पी.सी. सार्वा ने बताया कि भव्य रहेगा विसर्जन स्थलों पर अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निगम द्वारा सीसीटीवी,प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। विसर्जन के पश्चात भी संबंधित स्थलों की सफाई के लिए निगम का अमला तैनात रहेगा।
निगम ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रतिमा के साथ आने वाली पूजन सामग्री एवं निर्माल्य तालाब में न डालें, बल्कि निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर ही रखें। इससे जलस्रोतों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा।नगर निगम धमतरी ने सभी गणेश उत्सव समितियों एवं शहरवासियों से अपील की है कि 25 एवं 26 सितंबर को निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें। अन्य किसी स्थान पर विसर्जन करने से बचें और नगर निगम की व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें।


