दानीटोला ट्रेंचिंग ग्राउंड से गर्ल्स कॉलेज तक बनेगी नई सड़क, महापौर रामू रोहरा ने लिया जायजा

निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश, विद्यार्थियों और नागरिकों को मिलेगी सुगम आवाजाही की सुविधा
धमतरी। शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए महापौर जगदीश रामू रोहरा एवं निगम आयुक्त अरुण वर्मा ने दानीटोला ट्रेंचिंग ग्राउंड से गर्ल्स कॉलेज तक प्रस्तावित न्यू रोड का स्थल निरीक्षण किया। महापौर ने मौके पर सड़क निर्माण की पूरी स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शहर के विकास का मतलब केवल नई घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर नागरिकों को उसका सीधा लाभ पहुंचाना है। धमतरी में सड़क, नाली और यातायात से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। दानीटोला ट्रेंचिंग ग्राउंड से गर्ल्स कॉलेज तक बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए आवागमन को आसान और सुविधाजनक बनाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को बिना अनावश्यक देरी के पूरा करते हुए कार्य को धरातल पर उतारा जाए। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों में गति के साथ गुणवत्ता भी उनकी प्राथमिकता है और निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त अरुण वर्मा ने भी प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से तकनीकी एवं निर्माण संबंधी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी कर कार्य में तेजी लाने तथा निर्माण के दौरान गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट किया कि धमतरी में विकास की रफ्तार को किसी भी स्तर पर धीमा नहीं पड़ने दिया जाएगा। नागरिकों की जरूरत और शहर की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर अधोसंरचना विकास के कार्य लगातार आगे बढ़ाए जा रहे हैं।इस अवसर पर पार्षद अज्जू देशलहरे, पार्षद संतोष सोनकर, एल्डरमैन अरविन्द्र मुंडी सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

