साप्ताहिक बाजार स्थल में आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने चलाया स्वच्छता अभियान
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने की सराहना, सामाजिक सहभागिता को बताया नगर विकास की महत्वपूर्ण कड़ी

भखारा-भठेली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत भखारा-भठेली के साप्ताहिक बाजार स्थल में आईटीआई के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। आईटीआई प्रभारी प्राचार्य होमेंद्र साहू के निर्देशानुसार लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बाजार स्थल की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।
इस सराहनीय पहल पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने आईटीआई के छात्र-छात्राओं एवं संस्थान प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए उनका अनुमोदन किया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जब युवा स्वयं आगे आकर सामाजिक कार्यों में योगदान देते हैं, तो इससे समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन प्रारंभ से ही नगर पंचायत के कार्यों में सामाजिक सहभागिता को विशेष महत्व देती रही हैं। स्वच्छता, नशामुक्ति, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न जनहितकारी विषयों पर वे लगातार नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संस्थाओं से सहयोग की अपील करती रही हैं।
इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आईटीआई के विद्यार्थियों द्वारा किया गया स्वच्छता अभियान सामाजिक सहभागिता का एक सकारात्मक उदाहरण है। इस पहल से यह संदेश भी दिया गया कि नगर की स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों में युवाओं की भागीदारी से नगर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा भखारा-भठेली को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाने का संकल्प मजबूत होगा।
