हिमांशु गुप्ता, डीजी जेल के कर कमलों से केंद्रीय जेल, अम्बिकापुर में परिवार खुली जेल (फैमिली ओ.सी.आई.) का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर 2026 को अंतराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर हिमांशु गुप्ता, डीजी, जेल के कर कमलों से केंद्रीय जेल,अम्बिकापुर में छत्तीसगढ़ की पहली परिवार खुली जेल (फैमिली ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन -ओ.सी.आई.) का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर अक्षय सिंह राजपूत (जेल अधीक्षक) एवं जेल विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान अम्बिकापुर जेल के अंदर स्थित सरगुजा स्कूल ऑफ आर्ट्स के बंदियों द्वारा बनाया गया पोर्ट्रेट गिफ्ट किया गया।
अम्बिकापुर जेल में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए यह ओपन जेल खोला गया है।इस ओपन जेल में 2 बंदी सपरिवार रहेंगे।ये बंदी सुबह विभिन्न कार्य करने के लिए जेल के बाहर निकलेंगे तथा शाम को कार्य पूर्ण कर लॉकअप होने के पूर्व जेल में वापस आ जाएंगे। ये बंदी अपने परिवार को अपने साथ रख सकेंगे। सभी मूल सुविधाएं जेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। परिवार को प्रथम माह का राशन जेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। उसके बाद बंदी को स्वयं रोजगार कर राशन अर्जित करना होगा। इस हेतु जेल विभाग द्वारा पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बंदी को रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध रहेंगे।बाद में इस सुविधा का आकार और स्वरूप बढ़ाया जाएगा।


