बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अछोटा पुल के नीचे गिरी ट्रैक्टर, हेल्पर घायल

धमतरी। अछोटा पुल के पास शुक्रवार को उस समय हादसा हो गया, जब एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे जा गिरी।
हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में हेल्पर को चोटें आईं, जबकि ट्रैक्टर चालक अनोद पिता कन्हैय्या ध्रुव 29 वर्ष अछोटा सुरक्षित बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा समिति एवं इंडियन रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल हेल्पर योगेश पिता मोहन साहू 25 वर्ष को प्राथमिक सहायता दिलाने के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। समय पर मदद मिलने से घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार को बचाने के प्रयास के दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ने से यह हादसा हुआ। घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली के पुल के नीचे गिरने से वाहन को भी नुकसान पहुंचा है।



