सुरताल 2.0 फिनाले में बिखरी धमतरी की प्रतिभाओं की चमक
विमल टाकीज में 600 दर्शकों से खचाखच भरा हॉल, 50 फाइनलिस्ट ने दी शानदार प्रस्तुतियां

धमतरी। रोटरी क्लब धमतरी द्वारा आयोजित “सुरताल 2.0 – डांसिंग & सिंगिंग ” का भव्य फिनाले 1 अक्टूबर 2026 को विमल टाकीज में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धमतरी जिले के कोने-कोने से पहुंचे प्रतिभागियों ने गायन एवं नृत्य के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सुरताल 2.0 के लिए विगत माह फिट लाइफ जिम में आयोजित ऑडिशन में लगभग 600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से चयनित 25 गायन एवं 25 नृत्य प्रतिभागियों, कुल 50 फाइनलिस्ट ने फिनाले में अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपनी कला, मेहनत और आत्मविश्वास से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में रायपुर से पधारी अस्मिता मक्कड़, अस्मिता भाटिया, श्वेता अग्रवाल एवं अजय तिवारी उपस्थित रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया। वहीं धमतरी जिले के डीएफओ श्री कृष्ण जाधव एवं नगर पालिका कमिश्नर श्री अरुण कुमार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
सुरताल 2.0 के विजेता
गायन वर्ग-A
प्रथम – अनुशिवा शुक्ला
द्वितीय – दर्शिक नाहर
तृतीय – युक्ति चोपड़ा
नृत्य वर्ग-A
प्रथम – मिष्टी सोनकर
द्वितीय – अक्षिता सिंघल
तृतीय – आरोही केसवानी
गायन वर्ग-D
प्रथम – नंदू विश्वकर्मा
द्वितीय – सागर कामरे
तृतीय – अशोक देवांगन
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि रोटरी की महिला सदस्यों ने आयोजन की कमान प्रमुखता से संभाली और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विमल टाकीज का लगभग 600 दर्शकों की क्षमता वाला हॉल दर्शकों से खचाखच भरा रहा, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और तालियों से गूंजता रहा।
अध्यक्ष सत्येंद्र शर्मा ने कहा—हर फाइनलिस्ट अपने आप में विजेता
रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन सत्येंद्र शर्मा ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में सभी फाइनलिस्ट प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “इस प्रतियोगिता में जीत भले ही किसी एक प्रतिभागी की होगी, लेकिन मेरे लिए यहां तक पहुंचने वाला प्रत्येक प्रतिभागी विजेता है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों की मेहनत, प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की तथा फाइनलिस्ट एवं विजेता प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि धमतरी जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन प्रतिभाओं को खोजने, उन्हें उचित मंच देने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की। रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करता रहेगा।
प्रतिभाओं को मंच देना रोटरी का उद्देश्य
रोटेरियन पल्लवी जायसवाल एवं पिंकी खंडेलवाल,एवं ऋतु लूनावत ने कहा कि “सुरताल 2.0 के माध्यम से हमारा प्रयास जिले की छुपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें एक बेहतर और गरिमामय मंच प्रदान करना है। प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और अवसर देकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना ही हमारा उद्देश्य है, ताकि वे अपनी कला के माध्यम से नई पहचान बना सकें।”
शानदार मंच संचालन और समयबद्ध आयोजन
कार्यक्रम का मंच संचालन भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रोटेरियन पल्लवी जायसवाल एवं रोटेरियन पिंकी खंडेलवाल ने पूरे कार्यक्रम का संचालन बेहद खूबसूरत, प्रभावी एवं गरिमामय अंदाज में किया। कार्यक्रम निर्धारित समय पर प्रारंभ हुआ और निर्धारित समय पर ही सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दोनों ने अपनी प्रभावी एंकरिंग से पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा और प्रतिभागियों का उत्साह लगातार बढ़ाया।
प्रतिभागियों के प्रबंधन में टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम में प्रतिभागियों एवं टीम के बेहतर प्रबंधन की जिम्मेदारी रोटेरियन रितु लुनावट, जतिन लोहाना, पूर्वी लोहाना, अभिषेक गर्ग, अभिषेक गोयल, बीजल मेहता एवं सुधा शर्मा ने संभाली। सभी ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रतिभागियों की प्रस्तुति, मंच तक पहुंचने, समय-निर्धारण एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखा।
क्लब सचिव जागृति दोशी का महत्वपूर्ण योगदान
क्लब सचिव रोटेरियन जागृति दोशी ने सुरताल 2.0 कुशलतापूर्वक संभाला। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियों को व्यवस्थित रूप दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि रोटरी का उद्देश्य प्रतिभाओं को मंच देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोटेरियन पल्लवी जायसवाल, पिंकी खंडेलवाल, बीजल मेहता, जतिन लोहाना, रितु लुनावत पूर्वी लोहाना, साकेत श्रीवास्तव, अभिषेक गोयल, संदीप ध्रुव, सुधा शर्मा, अभिषेक गर्ग, पायल गोयल, अजय गोयलनरेंद्र साहू, सलज अग्रवाल, नंदन दोशी, आशीष गोयल, अमित जायसवाल एवं जागृति दोशी सहित रोटरी परिवार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिनाले में प्रतिभागियों ने रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए नियमित रूप से मंच उपलब्ध नहीं हो पाता। उन्होंने रोटरी क्लब से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का आग्रह किया।
सुरताल 2.0 का फिनाले गायन और नृत्य प्रतिभाओं के लिए केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि धमतरी जिले की उभरती प्रतिभाओं को मंच, पहचान और प्रोत्साहन देने की दिशा में रोटरी क्लब की एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया।

