स्वच्छ धमतरी की दिशा में सार्थक ग्रीन की पहल, स्वच्छता बोर्ड का लोकार्पण
महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, एमआईसी मेम्बर ने कराया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

धमतरी। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में सार्थक ग्रीन धमतरी द्वारा शनिवार को रत्नाबांधा रोड स्थित पी.डब्ल्यू.डी. ऑफिस के सामने स्वच्छता बोर्ड का लोकार्पण किया गया। महापौर रामू रोहरा एवं नगर निगम की शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती विभा चंद्राकर ने स्वस्तिक पूजन कर बोर्ड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। एमआईसी मेम्बर विभा चंद्राकर ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रिया पंजवानी, रसीला बेन दोशी, पराग दोशी, सुलेखा जोशी, धनश्री जोशी, राधिका जोशी, कविता, आकाश देवांगन, आशीष साहू, जितेंद्र ठक्कर, सुरेश कुमार अनुरागी, बृजलाल जगवानी, सत्येंद्र शर्मा, सुरेंद्र सिन्हा, मोहम्मद सरफराज, विकास साहू, होमेंद्र नाग, रोशन गहीरवार, नंदू साहू, समीर साहू, शीतल साहू, मुकेश आर. रमानी, आर्यन सेन, संजय साहू, सुनील जसवानी एवं तिलक सहित क्षेत्र के अनेक निवासी और व्यवसायी उपस्थित रहे।
बिपिन भाई दोशी के सौजन्य से बोर्ड एवं डस्टबिन की स्थापना
समाजसेवी बिपिन भाई दोशी के सौजन्य से स्वच्छता बोर्ड एवं सीमेंट के डस्टबिन स्थापित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने एकत्रित कचरा डस्टबिन में डालकर उचित कचरा प्रबंधन का संदेश दिया। इसके बाद क्षेत्र के निवासियों एवं व्यवसायियों को गार्बेज बैग वितरित किए गए। सार्थक ग्रीन की संयोजिका डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत अपने घर, दुकान और आसपास के परिवेश से होती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से खुले में कचरा न डालने तथा कचरे का उचित निपटान करने की अपील की।

