फिट एंड क्लीन धमतरी मुहिम के चौथे सप्ताह में मुख्य मार्ग से स्कूल तक हुई सफाई

धमतरी में शहर को स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी अब युवाओं ने अपने हाथों में ले ली है। फिट एंड क्लीन धमतरी मुहिम के तहत युवाओं ने तालाबों की सफाई से अभियान की शुरुआत की थी, जो अब चौथे सप्ताह में शहर के मुख्य इलाकों तक पहुंच गया है। हाथों में झाड़ू और शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेकर युवाओं की टोली मैदान में उतरी है। अभियान के शुरुआती चरण में शहर के तालाबों और जलस्रोतों के आसपास जमा कचरे को हटाया गया। इसके बाद वार्डों और मोहल्लों में सफाई की गई। रविवार चौथे सप्ताह में इस मुहिम का विस्तार अंबेडकर चौक रोड स्थित शराब दुकान के आसपास और पास के स्कूल परिसर के पास किया गया। युवाओं ने वहां फैले कचरे, बोतलों और गंदगी को हटाकर पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई की। लोगों से अपील भी की गई कि सार्वजनिक जगहों और स्कूल जैसी संवेदनशील जगहों के पास कचरा न फैलाएं। युवाओं का कहना है कि स्वच्छता सिर्फ नगर निगम या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। शहर को साफ रखने में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। इसी सोच के साथ इस अभियान को तालाबों से लेकर चौक-चौराहों और स्कूलों तक पहुंचाया जा रहा है। मुहिम का उद्देश्य सिर्फ कचरा हटाना नहीं, बल्कि लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक करना भी है। अभियान से जुड़े युवाओं ने धमतरी को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा है। उनका कहना है कि जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता में देशभर में पहचान बनाई, उसी तरह धमतरी को भी स्वच्छ शहर के रूप में आगे लाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

