सांसद शोभा बच्छाव ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा पर दिया जोर
वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर धमतरी में कांग्रेस की प्रेस वार्ता


धमतरी । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा देशभर में संचालित वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के अंतर्गत आज धमतरी के राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं सांसद श्रीमती शोभा बच्छाव ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए अभियान के उद्देश्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखा। इस दौरान मंच पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चन्द्राकर, विधायक अंबिका मरकाम, ओंकार साहू, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, लेखराम साहू, शरद लोहाना, मोहन लालवानी, विपिन साहू, आनंद पवार, राजकुमारी दीवान, कविता बाबर, वसीम कुरैशी, हरमिन्दर छाबड़ा आदि उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद शोभा बच्छाव ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के हाथों में होती है और मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक शक्तियों में से एक है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा हो तथा चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए जनता की भागीदारी और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को उनके मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता को सामने लाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए चुनाव व्यवस्था की विश्वसनीयता महत्वपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी इसी उद्देश्य से देशभर में लोगों के बीच पहुंचकर मताधिकार की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव के मुद्दे को उठा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेता नरेश जसूजा, आकाश गोलछा, अरविंद दोशी, मदनमोहन खण्डेलवाल, मनीषा साहू, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, योगेश शर्मा, राजेश पाण्डेय, कृष्णा मरकाम आदि मौजूद रहे।
जनता तक पहुंचाया जाएगा अभियान का संदेश
प्रेस वार्ता में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। कांग्रेस का उद्देश्य है कि आम नागरिकों, युवाओं और नए मतदाताओं को मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाए। पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से अभियान के संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा पर कांग्रेस द्वारा प्रेसवार्ता के दौरान जोर दिया गया।