मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से ऐश्वर्या की शिक्षा को मिला संबल
श्रमिक मूर्तिकार मनोज कुमार गंगबेर की बेटी को मिली 20 हजार की सहायता राशि, परिवार की आर्थिक चिंता हुई कम

धमतरी। धमतरी जिले के ग्राम लोहरसी निवासी मूर्तिकार मनोज कुमार गंगबेर का परिवार इस योजना से लाभान्वित होकर राहत और नई उम्मीद का अनुभव कर रहा है। मनोज कुमार गंगबेर पेशे से कुशल मूर्तिकार हैं। पत्थरों को अपनी कला और हुनर से सुंदर मूर्तियों का स्वरूप देना उनकी विशेषता है। मूर्तियों के निर्माण के लिए मिलने वाले ऑर्डर और उनसे प्राप्त आय ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख आधार है। उनकी दो बेटियां हैं। सीमित और अनियमित आय के बीच परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना उनके लिए हमेशा एक बड़ी जिम्मेदारी रही है। वे चाहते थे कि आर्थिक परिस्थितियां उनकी बेटियों की पढ़ाई और आगे बढऩे के सपनों में बाधा न बनें। इसी बीच श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिक होने के कारण उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। उन्होंने अपनी बेटी सुश्री ऐश्वर्या के भविष्य और शिक्षा संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना के अंतर्गत आवेदन किया। विभाग द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन एवं पात्रता संबंधी प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद नियमानुसार 20 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे ऐश्वर्या के बैंक खाते में अंतरित की गई। यह आर्थिक सहायता परिवार के लिए महत्वपूर्ण संबल साबित हुई। इससे ऐश्वर्या की पढ़ाई-लिखाई और शिक्षा से जुड़े आवश्यक खर्चों को पूरा करने में मदद मिली।

