Uncategorized

अटल परिसर नागरिकों के लिए एक प्रमुख सुविधा केंद्र बनेगा-आयुक्त प्रिया गोयल

निगम आयुक्त,अधिकारियों ने किया अटल परिसर व बॉक्स क्रिकेट मैदान का निरीक्षण

धमतरी- नगर निगम आयुक्त ने आज अटल परिसर तथा निर्माणाधीन बॉक्स क्रिकेट मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत आयुक्त प्रिया गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
आयुक्त ने कहा कि अटल परिसर नागरिकों के लिए एक प्रमुख सुविधा केंद्र बनेगा, जहां लोगों को विभिन्न प्रकार की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बॉक्स क्रिकेट मैदान युवाओं के लिए खेल और मनोरंजन का एक महत्वपूर्ण स्थल साबित होगा, जिससे उनकी प्रतिभा निखरने के साथ-साथ शहर में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त पीसी सार्वा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्य की गति और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि यह दोनों ही परियोजनाएं जल्द से जल्द पूरी हों और आम नागरिकों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विश्वास जताया कि अटल परिसर और बॉक्स क्रिकेट मैदान आगामी दिनों में पूर्ण होकर जनता के समर्पित किए जाएंगे। इसके बाद नागरिकों को एक नए सुविधा केंद्र और खेल मैदान का लाभ मिल सकेगा, जिससे शहर के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम जुड़ जाएगा। विजिट के दौरान कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, उप अभियंता कमलेश ठाकुर व शशांक मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!