Uncategorized

नर्सिंग कॉलेज छात्राओं से आत्मीय संवाद कर कलेक्टर ने जाना पढ़ाई का हाल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाओं पर दिया जोर

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज कुरूद नगरीय क्षेत्र में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य में गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने अस्थायी रूप से संचालित नर्सिंग कॉलेज भवन का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से आत्मीयतापूर्वक संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, कक्षाओं के नियमित संचालन, शिक्षण व्यवस्था, प्रायोगिक प्रशिक्षण, अध्ययन सामग्री तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं से उनकी शैक्षणिक प्रगति, पढ़ाई के दौरान आने वाली कठिनाइयों और अध्ययन के अनुभवों के बारे में भी पूछा।
कलेक्टर ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र केवल एक व्यावसायिक पाठ्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन और मानवीय संवेदना से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। मरीजों की देखभाल, उपचार के दौरान सहयोग और संवेदनशील व्यवहार के माध्यम से वे स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। इसलिए छात्राएं पूरी लगन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अध्ययन करें तथा सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कॉलेज प्रबंधन को निर्देशित किया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। कक्षाओं का नियमित संचालन, आवश्यक शैक्षणिक संसाधन, प्रयोगशाला एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्राओं को अध्ययन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण जिले के समग्र विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। नर्सिंग कॉलेज जैसी शैक्षणिक संस्थाएं स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने के साथ ही क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी भविष्य में अधिक सक्षम बनाने में सहायक सिद्ध होगी ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!