Uncategorized

धमतरी में 557वां श्री गुरु नानक देव जन्मोत्सव एवं प्रकाश पर्व 23-24 नवंबर को, दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की तैयारी

विशाल शोभायात्रा, गुरुवाणी सत्संग, भोग साहब एवं आम भंडारे का होगा आयोजन, सिंधु भवन आमापारा में सजेगा गुरु भक्ति का दरबार


धमतरी। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें जन्मोत्सव एवं प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर धमतरी में दो दिवसीय भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बाबा गुरुदासराम दरबार के सेवादारों एवं पूज्य पंचायत सिंधी समाज धमतरी के तत्वावधान में 23 एवं 24 नवंबर 2026 को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के प्रथम दिन सोमवार, 23 नवंबर को शाम 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक गुरुवाणी एवं सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्री गुरुवाणी के संगीतमय भजनों की प्रस्तुति अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथाकार स्वामी माधवदास उदासी (इंदौर) द्वारा दी जाएगी। इसके पश्चात रात्रि 10 बजे से महाप्रसादी भंडारे का आयोजन होगा। मंगलवार, 24 नवंबर को सुबह 10:45 बजे श्री भोग साहब की धार्मिक रस्म संपन्न होगी। इसके पश्चात सुबह 11:10 बजे से गुरुवाणी एवं सत्संग का कार्यक्रम होगा। वहीं दोपहर 1 बजे से आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु एवं समाजजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।
शाम 5 बजे निकलेगी विशाल शोभायात्रा
प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार 24 नवंबर को शाम 5 बजे से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा बाबा गुरुदासराम दरबार, आमापारा धमतरी से प्रारंभ होगी। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल होकर गुरु नानक देव जी के संदेशों और उनकी शिक्षाओं का गुणगान करेंगे। आयोजन के अंतर्गत सभी धार्मिक कार्यक्रमों का स्थल सिंधु भवन, आमापारा धमतरी निर्धारित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, प्रेम, भाईचारे, समानता, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया। उनका जीवन हमें सत्य के मार्ग पर चलने, जरूरतमंदों की सेवा करने तथा सभी धर्मों और मानव समाज का सम्मान करने की प्रेरणा देता है।
सिंधी समाज की दुकानें रहेंगी बंद
प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर मंगलवार को सिंधी समाज की सभी दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि समाज के लोग धार्मिक आयोजन एवं विशाल शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हो सकें। बाबा गुरुदासराम दरबार के सेवादारों एवं पूज्य पंचायत सिंधी समाज धमतरी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, समाजजनों एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां साझा करने तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!