विद्युत उपभोक्ताओं को शिकायत निवारण प्रक्रिया की दी जानकारी

कुरुद। विद्युत सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान और उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम द्वारा जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी सुविधाओं, अधिकारों और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक खंडेलवाल ने की। इस दौरान बिजली बिल, नवीन विद्युत कनेक्शन, समय पर बिल भुगतान, विद्युत सुरक्षा तथा बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उपभोक्ताओं को बताया गया कि विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए शिकायत निवारण फोरम किस प्रकार कार्य करता है और निर्धारित माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर अपनी समस्याओं का समाधान कैसे प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में उपभोक्ताओं को विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए विद्युत सेवाओं के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता अमित कुमार, सहायक अभियंता सीमा ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।

