आमापारा वार्ड में चला वृहद सफाई अभियान, नालियों से निकाला गया कई टैक्टर मलबा
बारिश के पूर्व वार्ड में जल भराव की समस्या से राहत दिलाने, निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने जुटा निगम स्वास्थ्य अमला

निगम आयुक्त के आदेशानुसार, उपायुक्त के निर्देशानुसार निगम स्वास्थ्य अधिकारी अपने टीम के साथ जुटे है सफाई अभियान में
धमतरी। नगर निगम द्वारा बारिश के मौसम के पूर्व ही शहर में वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत कल से आमापारा वार्ड में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। आज सुबह से ही वार्ड में निगम स्वास्थ्य अमला पहुंचा और जेसीबी के माध्यम से नालियों की सफाई कार्य प्रारंभ हुआ। इस कार्य में लगातार 15 से 20 कर्मचारी जुटे हुए है। समाचार लिखे जाने तक वार्ड के नालियों से कई ट्रैक्टर मलबा निकाला गया। नालियों के ऊपर बने स्लेब को हटाकर नालियों के भीतर तक मलबा निकाला गया। स्वच्छता अभियान में दो-दो मेटाडोर, जेसीबी व टै्रक्टर लगाया गया था।

निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम के आदेशानुसार, उपायुक्त पीसी सार्वा के निर्देशानुसार निगम स्वास्थ्य अधिकारी मो. शेरखान अपने टीम के साथ सफाई अभियान में जुटे है। सफाई कार्य में सुपरवाईजर धनेन्द्र सिन्हा, शकील अहमद, मुन्नालाल, लक्ष्मण साहू, यशवंत पटेल, मुकेश साहू, गिरवर सिन्हा, चुरेन्द्र सिन्हा, मोबिन अली, दीपक कुमार, देवनाथ साहू, टेकराम साहू, रितेश आदि भी जुटे हुए है। बता दे कि आमापारा वार्ड ढलान पर स्थित है वार्ड में आसपास के कई वार्डो का पानी एकत्रित हो जाता है इसलिए बारिश के मौसम में हल्की बारिश में भी वार्ड में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। सालों से वार्डवासी इससे परेशान है। इस समस्या से राहत दिलाने निगम का स्वास्थ्य विभाग लगातार स्वच्छता अभियान चला रहा है। न सिर्फ आमापारा वार्ड में बल्कि ढलान पर स्थित अन्य क्षेत्रो जहां जल भराव की समस्या उत्पन्न होती है वहां व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।

पीडी, बाकरे, सोरिद, सिहावा, रुद्री रोड नाले की हुई सफाई- निगम स्वास्थ्य अधिकारी मो. शेरखान
निगम स्वास्थ्य अधिकारी मो. शेरखान ने बताया कि 30 अप्रैल से वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया जो कि पूरे मई माह तक जारी रहेगा। अब तक पीडी, बाकरे, सोरिद, सिहावा, रुद्री रोड नाले की सफाई की जा चुकी है। वहीं बालक चौक नाला व अन्य शेष नालो की सफाई जल्द ही कराई जाएगी। सफाई कार्यो से आमापारा शिव चौक, बनियापारा, रिसाईपारा, रामसागर पारा, पोस्ट आफिस, सदर उत्तर, महंत घांसीदास वार्ड सहित अन्य वार्डो की सफाई व्यवस्था बेहतर हुई है।
बेहतर सफाई व्यवस्था व जल भराव से राहत दिलाने का प्रयास – पार्षद विजय मोटवानी

आमापारा वार्ड पार्षद विजय मोटवानी ने कहा कि वे लगातार निगम के संंबंधित अधिकारियों से वार्ड में सफाई के लिए सम्पर्क कर रहे थे। अधिकारियों ने भी गंभीरता दिखाते हुए वार्ड में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। वार्डवासियों से सफाई के दौरान सहयोग की अपील की गई जिस पर वार्डवासियों ने पूर्ण सहयोग दिया। आमापारा वार्ड में स्वच्छता को बेहतर बनाए रखना व बरसाती पानी निकासी व्यवस्था दुरुस्थ करने का प्रयास लगातार कर रहे है। इसके लिए व्यापक स्तर पर कार्ययोजना बनाने इंजीनियरों के साथ चर्चा की जाएगी।
