ई-रिक्शा चालकों ने आटो चालकों पर लगाया सवारी बैठाने से रोकने का आरोप, विरोध में पुरानी मंडी में खड़ी की ई रिक्शा

धमतरी । सवारी बैठाने के नाम पर आटो रिक्शा व ई-रिक्शा चालकों के बीच तनातनी जारी है। आज सुबह 11 बजे ई-रिक्शा चालकों द्वारा आटो चालकों पर मनमानी का आरोप लगाकर विरोध में पुरानी मंडी परिसर में ई-रिक्शा खड़ी कर विरोध जताया। ई-रिक्शा आटो युनियन कल्याण संघ धमतरी के अध्यक्ष सलीम खान चर्चा के दौरान आरोप लगाते हुए बताया कि डीजल से चलने वाले आटो चालकों द्वारा ई रिक्शा चालकों को सवारी बैठाने से लगातार रोका जा रहा है। ई रिक्शा चालकों को बस स्टैण्ड के भीतर प्रवेश करने पर, कलेक्ट्रेट, रुद्री, गंगरेल, जिला अस्पताल सहित शहर प्रमुख चौक चौराहो, स्टापेज वाले स्थानों से सवारी बैठाने पर रोका जाता है। और कई बार बदसलूकी भी की जाती है। चूंकि कई महिलाएं, युवतियां व बुजुर्ग भी ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे है। ऐसे में इस प्रकार सवारी बैठाने से रोकना पूरी तरह अनुचित है। शहर में सैकड़ो ई रिक्शा है। जो बिना प्रदूषण फैलाने कम भाड़े पर लोगो को गतव्यं स्थान पर पहुंचाने सेवा दे रहे है। अधिकांश ई रिक्शा किश्तो पर है ऐसे में उन्हें सवारी बैठाने से रोका जाएगा तो वे कैसे किश्त पटा पायेंगे और किस प्रकार जीवन यापन कर पायेंगे? इसलिए आज विरोध स्वरुप ई-रिक्शा आटो युनियन कल्याण संघ धमतरी द्वारा ई रिक्शा को पुरानी कृषि उपज मंडी में खड़ा किया गया। शासन प्रशासन से कार्य में बाधा पहुंचाने वालो पर कार्रवाई करने की मांग की गई। ई रिक्शा चालकों ने कहा कि यदि भविष्य में उन्हें सवारी बैठाने से रोका जाएगा तो वे आंदोलन को मजबूर होगें।
