Uncategorized

कलेक्टर की एक और पहल : सेना में अग्निवीरों की भर्ती का प्रशिक्षण देने वालों को मिलेगी सहायता

शारीरिक और लिखित परीक्षा के लिए जिला प्रशासन करेगा मदद

धमतरी में भर्ती रैली आयोजित करने पत्र भी लिखा जाएगा

धमतरी 10 जून 2025/ धमतरी जिले से अधिक से अधिक युवाओं की सेना में भर्ती सुनिश्चित कराने के लिए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने एक और पहल की है। जिले में अग्निवीरों की भर्ती के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करने वाले लोगों और संस्थाओं को अब जिला प्रशासन की मदद भी मिल सकेगी। कलेक्टर ने आज इस संबंध में जिले के लगभग 14 प्रशिक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में जिले के युवाओं को सेना में भर्ती के लिए तैयार करने के विभिन्न पहुलुओं पर गंभीरता से विचार किया गया। इसके साथ ही धमतरी में सेना की भर्ती रैली आयोजित कराने की भी मांग प्रशिक्षकों ने कलेक्टर से की। बैठक एसडीएम श्री पियूष तिवारी, प्रशिक्षक से.नि. हवलदार श्री जीवन निषाद, श्री राहुल ध्रुव, श्री देवेन्द्र साहू, श्री गुलशन साहू, श्री शाजिद अली, श्री हितेन्द्र साहू, श्री समीर गौड़, श्री हेमलाल सिन्हा, श्री मनहरण नेताम सहित अन्य प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी प्रशिक्षकों से उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। प्रशिक्षकों ने शारीरिक परीक्षा की तैयारी के लिए साधन-सम्पन्न मैदानों की कमी की ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट किया। इसके साथ ही युवाओं को सेना की लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त संसाधन, कोचिंग, स्टडी मटेरिययल आदि की कमी भी बताई। इस पर गंभीरता से विचार करते हुए कलेक्टर ने जिले के 39 मिनि स्टेडियमों में से चयनित स्टेडियमों मे दौड़ के लिए ट्रेक, शौचालय, चेजिंग रूम, वॉर्मअप एक्सरसाईज के उपकरण आदि की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने लिखित परीक्षा के लिए भी युवाओं को मार्गदर्शन देने, उन्हें स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने और निर्धारित समय अंतराल पर मॉक टेस्ट आदि की व्यवस्था कराने का भी भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने जिले में संचालित ऐसे प्रशिक्षणों के लिए सभी की आम सहमति से एक जैसा प्रशिक्षण देने का सुझाव भी बैठक में दिया, जिस पर सभी प्रशिक्षकों ने सहमति जताई। कलेक्टर ने यह भी कहा कि सेना के भर्ती कार्यालय को धमतरी जिले में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजन के लिए पत्र भी लिखा जाएगा। ,
उल्लेखनीय है कि धमतरी जिला पूर्व से ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जिला रहा है। यहां से बड़ी संख्या में लोग थल सेना, वायु सेना, जल सेना के साथ-साथ पैरामिलीट्री फोर्स में भी नियुक्त हुए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में इस समय 14 प्रशिक्षक युवाओं को सेना में भर्ती के लिए तैयार कर रहे हैं। इनमें से अधिकांश प्रशिक्षक सेना से रिटायर्ड अधिकारी-कर्मचारी हैं। जिले में थुहा, कण्डेल, भैसमुण्डी, रूद्री, कोर्रा, तर्रागोंदी, हंचलपुर, भखारा, कुरूद, मंदरौद, सलोनी के साथ-साथ धमतरी शहर के इंडोर स्टेडियम में भी ऐसे प्रशिक्षण लगातार चल रहे हैं। अभी इन स्थानों पर लगभग ढाई सौ युवा सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!