प्लास्टिक हटाओ, कपड़े का थैला अपनाओ अभियान से गूंजा शहर
महापौर रामू रोहरा की उपस्थिति में नागरिकों को दिलाई गई पॉलिथीन त्यागने की शपथ

धमतरी। स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाते हुए ऑल इंडिया लीनेस क्लब एवं ग्रीन आर्मी के संयुक्त तत्वावधान में शहर में प्लास्टिक हटाओ कपड़े का थैला अपनाओ जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर रामू रोहरा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और कार्यक्रम का नेतृत्व किया।कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों के बीच कपड़े से बने थैले नि:शुल्क वितरित किए गए, जिससे उन्हें रोजमर्रा की ज़िंदगी में प्लास्टिक और पॉलिथीन के हानिकारक उपयोग से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी उपस्थितों ने प्लास्टिक का बहिष्कार करने और पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की सामूहिक शपथ भी ली।इस जागरूकता पहल में लीनेस क्लब की अध्यक्ष श्रीमती जानकी गुप्ता, सचिव श्रेया ठाकुर, लीनेस सदस्य साक्षी वाधवानी, चेतना रणसिंह सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे।महापौर रामू रोहरा ने इस अवसर पर कहा प्लास्टिक प्रदूषण आज एक वैश्विक संकट है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम अपनी आदतों में बदलाव लाएं। कपड़े के थैले सिर्फ पर्यावरण के लिए बेहतर नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति और आत्मनिर्भरता के भी प्रतीक हैं।कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों में विशेष उत्साह देखा गया। बच्चे, युवा और वरिष्ठ नागरिक सभी ने इस मुहिम को खुले दिल से समर्थन दिया। आयोजकों ने इस प्रयास को एक सतत आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में याद किया जाएगा, जो नागरिक सहभागिता से एक सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ता कदम है।

