Uncategorized

सड़कों पर आवारा घूमने और बैठे रहने वाले मवेशियों को रोकने हो प्रभावी कार्रवाई-सांसद श्रीमती चौधरी

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

*सड़क दुर्घटनाओं में 19 प्रतिशत की कमी, मृतकों की संख्या में साढ़े 17 प्रतिशत घटी*

धमतरी 23 जून 2025/ महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे और दूसरी मुख्य सड़कों पर आवारा घूमने वाले या बैठे रहने वाले मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं को रोकने पर विशेष चर्चा हुई। बैठक में सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर मवेशियों के जमावड़े को हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को दिए। उन्होंने टोल फ्री नंबर 1033 को प्रभावी रूप से 24 घंटे सक्रिय रखने को भी कहा। श्रीमती चौधरी ने सड़कों पर आवारा घूमने वाले या बैठे रहने वाले मवेशियों को हटाकर उन्हें कांजी हाउस या गौशालाओं में रखने के निर्देश दिए तथा इनके मालिकों के विरूद्ध जुर्माना की कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। इस बैठक में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग सहित धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू, सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरूण सार्वा, महापौर श्री रामू रोहरा सहित सभी जनपद पंचायतों-नगर पंचायतों के अध्यक्ष और कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार, वनमण्डलाधिकारी श्रीकृष्ण जाधव, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रोमा श्रीवास्तव और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकरी भी शामिल हुए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री परिहार ने बताया कि जिले में पिछले वर्ष जनवरी से 15 जून तक की अवधि और इस वर्ष की इस अवधि के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 19 प्रतिशत की कमी आई है। इस अवधि में सड़क दुर्घटनाओं में मृतको की संख्या में भी लगभग साढ़े 17 प्रतिशत और घायलों में साढ़े 13 प्रतिशत की कमी हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसी अवधि में सड़क सुरक्षा के प्रति पुलिस की चालानी कार्रवाई में लगभग डेढ़ सौ प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ के भी कार्रवाई में ढाई गुणा वृद्धि हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले वर्ष तक जिले में ंगंभीर सड़क दुर्घटनाओं के लेकर 5 ब्लैक स्पॉट थे, जो कि इस वर्ष अब केवल एक रह गया है। इस बचे हुए ब्लैक स्पॉट में भी पिछले एक साल में कोई दुर्घटना नहीं हुई है।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए की जा रही कार्रवाईयों की जानकारी भी दी गई। स्कूलों-कॉलेजों, व्यवसायिक संस्थाओं, वाहन चालकों, व्यापारिक संघों, ग्राम कोटवारों आदि को जनजागरूकता कार्यक्रम के द्वारा यातायात नियमों की जानकारी दी गई है। जनचौपाल, समाधान शिविर, सड़क की पाठशाला जैसे कार्यक्रमों से लगभग 55 हजार से अधिक लोगों को जोड़ा गया है। बैठक में यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के कुरूद जंक्शन, संबलपुर बाईपास, श्यामतराई बाईपास पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने ट्रेफिक सिग्नल लगाए गए हैं। इसके साथ ही रोड मार्किंग, केट आई, कॉनवेक्स मिरर, साईन बोर्ड भी लगवाए गए हैं। सड़कों पर स्थित विद्युत पोल, मार्कर बोर्ड, डेलीनेटर, पुलों में लगे रेलिंग, सड़कों के किनारे लगे पेड़ों में रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगवाए गए हैं, ताकि रात में सफर करने के दौरान कोई सड़क दुर्घटना ना हो।
सड़कों में अतिक्रमण कर दुकान, ठेला, पसरा, विज्ञापन बोर्ड आदि लगाने वाले व्यवसायियों में भी नगरनिगम के समन्वय के सथ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पेट्रोलिंग और थानां के माध्यम से होटल, ढाबा, पान दुकानों, पंक्चर दुकानों, पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों के साथ-साथ समाजसेवियों को जोड़कर समाज सुरक्षा मितान बनाया गया है। इनके माध्यम से सड़क दुर्घटना की सूचना देने पर घायलों को त्वरित मदद भी की जा रही है। इसके साथ ही पैदल पेट्रोलिंग कर शहर मे यातायात व्यवस्थित किया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। अभी तक 121 वाहन चालकों का लायसेंस सस्पेंट करने के लिए परिवहन विभाग को लिखा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 12, राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर 8 और जिले की अन्य सड़कों पर 10 सड़क दुर्घटनाजन्य खण्डों का चिन्हांकन कर दुर्घटनाएं रोकने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे मार्गों में सूचनात्मक बोर्ड लगाने के साथ-साथ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाईयां भी की जा रहीं हैं।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!