धमतरी में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने की मांग, जागरूक युवा मंच ने सौंपा ज्ञापन

धमतरी। जिले में हाल के दिनों में चाकूबाजी सहित विभिन्न आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर जागरूक युवा मंच धमतरी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। मंगलवार को मंच के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक धमतरी को ज्ञापन सौंपकर अपराध पर तत्काल और प्रभावी नियंत्रण की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले में लगातार चाकूबाजी जैसी गंभीर घटनाएँ हो रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। मंच ने कहा कि यदि समय रहते इस प्रवृत्ति पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में हालात और गंभीर हो सकते हैं। मंच ने अपनी प्रमुख मांगों में जिले में अवैध रूप से धारदार हथियार रखने और ऑनलाइन बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी अभियान, स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान, धमतरी सिटी कोतवाली में पुलिस बल बढ़ाने या अतिरिक्त थाना खोलने, और धमतरी ग्रामीण क्षेत्र में नए थानों की स्थापना शामिल की है। इस अवसर पर जागरूक युवा मंच के कोमल संभाकर ने कहा धमतरी में बढ़ते अपराध हमारी शांति और सुरक्षा के लिए खतरा हैं। खुलेआम धारदार हथियारों की बिक्री और अपराधियों की बढ़ती हिम्मत चिंता का विषय है। प्रशासन को तत्काल सख्त कदम उठाने होंगे, अन्यथा हम जनआंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे। मंच के सदस्यों ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे जिले के लोग भयमुक्त वातावरण में जीवन-यापन कर सकें। इस दौरान सुनील नागवंशी, राहुल पंडित, राजा, मनोज खरे, वासुदेव यादव सहित अन्य युवा मौजूद रहे।
