Uncategorized

आरटीओ चालान भुगतान केवल विभागीय वेबसाईट से करने और धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील

 

धमतरी 05 सितंबर 2025/जिला परिवहन अधिकारी श्री मुजाहिद खान ने जानकारी देते हुए बताया है कि छत्तीसगढ़ राज्य में हाल ही में आरटीओ ई चालान से जुड़े साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं। धोखेबाज नकली चालान बनाकर लोगों को ट्रैफिक नियम उल्लंघन का डर दिखाते हैं और मैसेज के माध्यम से फर्जी लिंक भेजकर उनकी व्यक्तिगत जानकारी व बैंक खातों से रुपए चुरा लेते हैं।

परिवहन अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, विशेषकर एपीके फाइल वाले मैसेज पर क्लिक न करें। वास्तविक चालान की जानकारी केवल विभागीय आधिकारिक वेबसाईट https://echallan.parivahan.gov.in से ही प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए वेबसाइट के पे ऑनलाइन विकल्प पर जाकर चालान नंबर और कैप्चा कोड डालना होगा। इसके बाद मोबाईल पर प्राप्त ओटीपी डालकर चालान संबंधी पूरी जानकारी देखी जा सकती है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुलिस एवं परिवहन अमला द्वारा किए गए हर ई चालान की जानकारी पंजीकृत मोबाईल नंबर पर केवल अधिकारिक पोर्टल से ही भेजी जाती है। जनजागरूकता के लिए विभाग ने नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा है कि–किसी भी फर्जी लिंक पर क्लिक न करें, अजनबियों को ऑनलाइन भुगतान न करें, संदिग्ध कॉल, संदेश या एप से सतर्क रहें, धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!