कुपोषण दूर करने वार्ड 6 में सजा अंगना मिलन समारोह
पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर परिवारों को किया जागरूक

नगरी। नगर पंचायत नगरी के रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक 6 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 में महिला एवं बाल विकास विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा अंगना मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 6 पार्षद विकास बोहरा, लोक निर्माण विभाग सभापति अश्वनी निषाद, राजस्व विभाग सभापति शंकर देव, महिला एवं बाल विकास विभाग सभापति चेलेश्वरी साहू, मुक्ता साहू एवं चेमीन साहू मितानिन तामेश्वरी साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गर्भवती महिलाएं, माताएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही भोजन करने से पहले साबुन से हाथ धोने, बच्चों को स्वच्छता की आदत डालने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित महिलाओं को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए नियमित पोषण और स्वास्थ्य देखभाल के महत्व के बारे में भी बताया गया।
सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचे : बलजीत छाबड़ा
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बच्चे ही देश के मजबूत भविष्य की नींव हैं। कुपोषण को दूर करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि माताएं बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान दें और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं, बच्चों और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं के सम्मान और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए शौचालय निर्माण, गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
बलजीत छाबड़ा ने कहा कि स्वस्थ मां, स्वस्थ बच्चा और स्वच्छ परिवार ही स्वस्थ समाज की पहचान है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का यह प्रयास निरंतर जारी रहना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं महिलाओं के बीच पोषण और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां कराई गईं तथा उपस्थित परिवारों को कुपोषण मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूक किया गया।