Uncategorized

धमतरी में आध्यात्मिक उल्लास, सहस्त्र शिवलिंग दर्शन की भव्य झांकी 22 फरवरी तक श्रद्धालुओं के लिए खुली

धमतरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर ब्रह्मा कुमारिस सेंटर धमतरी में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत सहस्त्र शिवलिंग दर्शन की विशाल एवं मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झांकी के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग पहुंच रहे हैं और भगवान शिव के विविध स्वरूपों के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
प्रारंभ में यह झांकी सीमित अवधि के लिए लगाई गई थी, लेकिन शहरवासियों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से उमड़ रही भारी भीड़ और लोगों की निरंतर मांग को देखते हुए आयोजकों ने दर्शन की अवधि को बढ़ाकर अब रविवार 22 फरवरी तक कर दिया है। इससे अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ उठा सकेंगे।
झांकी में सहस्त्र शिवलिंगों को अत्यंत कलात्मक ढंग से सजाया गया है, जहां प्रकाश, पुष्प सज्जा और शांत वातावरण भक्तों को ध्यान और भक्ति में लीन कर देता है। दर्शन के दौरान शिव के महत्व, उनके संदेश और आत्मिक जागरण से जुड़े प्रेरक विचार भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को धार्मिक के साथ-साथ जीवन मूल्यों की भी सीख मिल रही है।इसके साथ ही ब्रह्माकुमारीज सेंटर द्वारा विशेष ध्यान, मेडिटेशन एवं आत्मिक शांति शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में लोगों को तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और आंतरिक शक्ति को जागृत करने की विधियां सिखाई जा रही हैं, जिससे प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।यह समस्त आयोजन ब्रह्माकुमारीज सेंटर, दिव्यधाम, सरकारी अस्पताल के पास, धमतरी में हो रहा है। आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे परिवारजनों एवं मित्रों के साथ पहुंचकर सहस्त्र शिवलिंग दर्शन के साथ ध्यान शिविरों का भी लाभ उठाएं और महाशिवरात्रि को आत्मिक रूप से सार्थक बनाएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!