संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज ने नैतिक मूल्यों के साथ आध्यात्मिक चेतना से समाज को दिशा दी है – रंजना साहू
धमतरी में विहंगम योग संत समाज के 102वे वार्षिक उत्सव में शामिल हुईं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष

धमतरी। विहंगम योग संत समाज का 102वां वार्षिक उत्सव समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव का आयोजन हरदिया साहू समाज भवन, धमतरी में भव्य रूप से संपन्न हुआ। संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज का आगमन धर्मनगरी धमतरी में हुआ, इस आयोजन में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू भी शामिल हुई। श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि विहंगम योग संत समाज ने सदैव आत्मकल्याण, संयम, नशामुक्ति व राष्ट्रभक्ति की शिक्षा दी है। विज्ञान देव जी महाराज के पावन सान्निध्य में धमतरी वासियों को एक नई ऊर्जा, प्रेरणा व आध्यात्मिक दिशा मिली है। वर्तमान समय में जब समाज भौतिकता की अंधी दौड़ में खोता जा रहा है, ऐसे समय में इस प्रकार का आयोजन एक प्रकाश स्तंभ की भांति कार्य करता है। उन्होंने यह भी कहा कि अध्यात्म केवल धर्म का विषय नहीं, बल्कि यह समाज निर्माण व राष्ट्र निर्माण का आधार है।

