Uncategorized

सांसद खेल महोत्सव से ग्रामीण अंचल में बढ़ी खेल भावना : फिट इंडिया मूवमेंट को मिला नया आयाम


धमतरी। फिट इंडिया मूवमेंट को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव 2025 की शुरुआत हुई। धमतरी जिले के चारों विकासखंडों रावां (धमतरी), पचपेड़ी (कुरूद), कुकरेल (नगरी) एवं भेंड्री (मगरलोड) में ग्रामीण स्तर पर आयोजित इस खेल महोत्सव में खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीण दर्शकों ने भी पारंपरिक खेलों को पुन: जीवंत होते देख अपने बचपन को याद किया और सांसद महासमुंद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में महापौर रामू रोहरा, श्रीमती ज्योति साहू (अध्यक्ष, नगर पंचायत आमदी), विनय जैन, अमन राव, श्रीमती गीतेश्वरी साहू (अध्यक्ष, जनपद पंचायत कुरूद) एवं सतीश जैन (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत कुरूद) की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिले के सभी चार विकासखंडों में एक साथ हुए इस शुभारंभ से ग्रामीण खेल संस्कृति में नई ऊर्जा का संचार हुआ। सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी एवं सांसद कांकेर भोजराज नाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस खेल महोत्सव की थीम फिट युवा फॉर विकसित भारत रखी गई है। प्रतियोगिताओं में युवाओं को 14 से 19 वर्ष एवं 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बांटकर व्यक्तिगत एवं दलगत खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 100 मीटर, 400 मीटर, गेड़ी दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गिल्ली डंडा जैसे व्यक्तिगत खेलों के साथ खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकसी जैसे दलगत खेल शामिल हैं। आने वाले दिनों में क्रमश: 9, 11, 14 एवं 17 अक्टूबर को जिले के विभिन्न संकुलों में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। संकुल स्तरीय प्रतियोगिताओं के पश्चात विधानसभा स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न संकुलों के चयनित खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!