धमतरी डिविजन में लगे 94 हजार स्मार्ट मीटर, मात्र 14 हजार नये मीटर लगाने है शेष
जल्द पोस्टपेड से प्रीपेड हो जायेगा विद्युत मीटर, पहले रिचार्ज फिर मिलेगी बिजली
कृषि कनेक्शनों को छोड़ शेष घरेलु, व्यवसायिक, सार्वजनिक, औद्योगिक कनेेक्शनों में लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर

धमतरी। प्रदेश में जल्द ही पोस्ट पेड बिजली सप्लाई गुजरे जमाने की बात होने वाली है। अब नया स्मार्ट मीटर लगाकर प्रीपेड विद्युत सप्लाई होगी। यानि जिस प्रकार मोबाईल में पहले रिचार्ज करना पड़ता है तब नेट और कॉलिंग की सुविधा मिलती है इसी प्रकार विद्युत का रिचार्ज पहले करना पडेगा। और रिचार्ज खत्म होने पर अपने आप ही बिजली बंद हो जायेगी।
धमतरी डिविजन में अब स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। धमतरी डिविजन में कुल 1 लाख 8 हजार स्मार्ट मीटर लगाये जाने है। जिनमें अब तक 94 हजार लगाये जा चुके है। शेष 14 हजार स्मार्ट मीटर को 31 दिसम्बर 2025 तक लगाने का लक्ष्य रखा गया है। ताकि नये साल से पूरे प्रदेश भर में एक साथ स्मार्ट मीटर की सुविधा प्रारंभ की जा सकें।
बता दे कि विद्युत विभाग द्वारा कृषि कनेक्शनों को छोड़कर शेष सभी कनेक्शनों जैसे घरेलू, व्यवसायिक, औद्योगिक, सार्वजनिक में स्मार्ट मीटर लगवा रही है। इससे अब विद्युत राशि बकाया और उसे वसूलने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। इस प्रकार जितना रिचार्ज करेंगे उतने का ही विद्युत खपत कर पायेंगे।
स्मार्ट मीटर की मिल रही आंशिक फैसेलिटी
विद्युत विभाग के धमतरी संभाग के ईई अनिल कुमार सोनी ने बताया कि भले ही अभी स्मार्ट मीटर के मूल उद्देश्य के तहत प्री पेड सुविधा शुरु नहीं हुई है। लेकिन इसके पहले ही आंशिक फैसेलिटी उपभोक्ताओं को मिल रही हैै। स्मार्ट मीटर की फैसेलिटी मोर बिजली ऐप के माध्यम से कितनी खपत, और समयवार खपत की जानकारी, बिजली रिले आन आफ की जानकारी मिल रही है।
रिमोट से ही बिजली कनेक्शन काटना प्रारंभ
स्मार्ट मीटर लगाये जाने से विद्युत विभाग की कई प्रकार की परेशानी कम होने लगी है। पहले बिजली बिल वसूली में दिक्कत थी अब प्रीपेड कनेक्शन होगा। वहीं पहले बिजली बिल बकाया होने पर बिजली कनेक्शन काटने मौके पर जाना पड़ता था इस दौरान वाद-विवाद की भी नौबत आती थी, लेकिन स्मार्ट मीटर में रिमोट से सेंटर से ही बिजली काटी जा सकती है। वर्तमान में लगातार तीन दिनों तक लगातार मैसेज के माध्यम से बकाया जमा करने की अपील की जा रही है। फिर रिमोट से कनेक्शन काटा जा रहा है। और राशि जमा होने पर त्वरित रुप से सप्लाई शुरु रिमोट के माध्यम से ही की जा रही है।
”94 हजार कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाया जा चुका है। शेष 14 हजार कनेक्शन में 31 दिसम्बर तक स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है फिर प्रदेश भर में एक साथ प्रीपेड स्मार्ट मीटर की सुविधा मिलेगी। ÓÓ
अनिल कुमार सोनी
ईई विद्युत विभाग धमतरी संभाग


