Uncategorized

कर्णेश्वर धाम के पांच दिवसीय मेले में शामिल हुईं रंजना डीपेंद्र साहू, लिया देव विग्रहों का आशीर्वाद

धमतरी- जिले की देवभूमि नगरी स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र कर्णेश्वर धाम में आयोजित पांच दिवसीय भव्य मेले में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने आंगा देवता सहित विभिन्न देव विग्रहों का विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कर्णेश्वर धाम में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह मेला अपनी विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। इस मेले की विशेषता यह है कि इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उड़ीसा से भी अनेक देवी-देवताओं के देव विग्रहों का आगमन होता है, जिससे यहां की आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ जाती है। 11वीं सदी के ऐतिहासिक कर्णेश्वर मंदिर की प्राचीन विरासत, लोक आस्था और परंपराओं का अद्भुत संगम इस मेले में देखने को मिलता है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देता है। इस अवसर पर श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने बताया कि कर्णेश्वर धाम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आस्था का जीवंत प्रतीक है, ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने, हमारी लोक परंपराओं को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान इन देवस्थलों और मेलों से ही सुदृढ़ होती है, इसलिए हम सभी का दायित्व है कि इन परंपराओं को संरक्षित और आगे बढ़ाएं। उन्होंने आयोजन समिति एवं क्षेत्रवासियों को भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं, श्रीमती साहू ने मंदिर ट्रस्ट के साथ साथ समस्त श्रद्धालुओं को मेले की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता,पूर्व विधायक पिंकी ध्रुव, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, मंदिर ट्रस्ट उपाध्यक्ष रवि दुबे, रवि ठाकुर, सचिव भरत निर्मलकर, कोषाध्यक्ष निकेश ठाकुर, सहसचिव मोहन पुजारी, आनंद अवस्थी, नागेंद्र शुक्ला, कमल डागा, ललित निर्मलकर, प्रेमलता नागवंशी, चेलेश्वरी साहू, जागेश्वरी राकेश साहू, लीना साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!