Uncategorized

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, कलेक्टर ने सुरक्षा एवं पारदर्शिता के दिए निर्देश

धमतरी, 16 दिसंबर 2025/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा आज कलेक्टोरेट कार्यालय परिसर स्थित वेयरहाउस का ताला खुलवाकर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में सुरक्षित रखी बैलेट यूनिट (बीयू), कंट्रोल यूनिट (सीयू) एवं वीवीपैट की भौतिक स्थिति, सील, लॉग बुक तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से जांच की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी सामग्रियों की सुरक्षा, पारदर्शिता और मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट की नियमित जांच से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत होता है। साथ ही वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को सतत् रूप से सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी, अग्नि सुरक्षा एवं अभिलेख संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पवन प्रेमी, तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सर्वश्री मोहन बाबू देवांगन, प्रदीप जांगड़े, पवन गजपाल, राकेश यादव एवं राजीव चंद्राकर उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने निरीक्षण प्रक्रिया को संतोषजनक एवं पारदर्शी बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!