Uncategorized

अवैध धान पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई

उड़नदस्ता दल की निगरानी में 102.80 क्विंटल धान जब्त, कार्रवाई सतत जारी

धमतरी, 23दिसंबर 2025/जिला कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले के समस्त धान उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही है। किसानों को निर्बाध लाभ सुनिश्चित करने तथा कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान के भण्डारण एवं परिवहन की संभावनाओं पर अंकुश लगाने हेतु जिला एवं ब्लॉक स्तर पर उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है।
उड़नदस्ता दल में राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मण्डी के अधिकारी शामिल हैं, जो निरंतर औचक निरीक्षण करते हुए अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। संदेहास्पद मामलों में पूछताछ के साथ-साथ विधिवत् जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी क्रम में 22 दिसंबर 2025 को कृषि उपज मण्डी समिति नगरी अंतर्गत श्री रामू किराना स्टोर्स, बिरगुड़ी से 11.20 क्विंटल तथा कृषि उपज मण्डी समिति कुरूद अंतर्गत श्री गणपति राईस मिल, कुरूद से 80.00 क्विंटल एवं श्री राजेन्द्र प्रसाद महावर, कुरूद से 11.60 क्विंटल अवैध धान, कुल 102.80 क्विंटल धान को विधिवत् जब्त किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भण्डारण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है, जिससे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनी रहे और वास्तविक किसानों को उनका पूरा लाभ प्राप्त हो सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!