नव-निर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की ओर महत्वपूर्ण कदम- विधायक ओंकार साहू

धमतरी। विधायक ओंकार साहू ने ग्राम दोनर में नव-निर्मित आंगनबाड़ी भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भवन का लोकार्पण किया तथा ग्रामवासियों को इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ओंकार साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गांव के नन्हे बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास की नींव होते हैं। नव-निर्मित भवन के माध्यम से बच्चों को अब सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित बचपन ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र का आधार होता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला-बाल विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे भी जारी रखा जाएगा।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने विधायक ओंकार साहू का स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। ग्रामवासियों ने कहा कि यह भवन गांव के बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।इस अवसर पर जनपद सदस्य हरनारायण साहू , हरीश चंद्राकर , तुकेश साहू , खिलेश बाई नागरची, आवेंद्र देशलहरे , बुधराम सोनकर, हलधर चन्द्राकर , चित्रसेन तारक , ललित तारक , संतोष चंद्राकर, महेंद्र कुमार, दुजराम साहू आदि उपस्थित रहे।

