Uncategorized

महापौर–आयुक्त ने आगामी ग्रीष्मकालीन जल संकट निवारण एवं शहरी विकास को लेकर की अहम बैठक

धमतरी- आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित जल समस्या के प्रभावी निवारण तथा शहर के समग्र शहरी विकास को लेकर नगर पालिक निगम धमतरी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर श्री रामू रोहरा ने की, वहीं आयुक्त इंद्रा देवहारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रीष्मकाल के दौरान शहरवासियों को निर्बाध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना रहा। इस अवसर पर उपायुक्त पी.सी. सार्वा, जल विभाग अध्यक्ष अखिलेश सोनकर, कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, उप अभियंता सहित जल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।अधिकारियों द्वारा शहर की वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था, जल स्रोतों की स्थिति, पानी टंकियों एवं पाइपलाइन नेटवर्क की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही गर्मी के मौसम में जलस्तर गिरने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक जल आपूर्ति व्यवस्थाओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।महापौर रामू रोहरा ने निर्देशित किया कि सभी वार्डों में जल आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। कहीं भी लीकेज या तकनीकी खराबी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने टैंकर व्यवस्था को सुचारू रखने, बोरवेल एवं हैंडपंपों की समय-समय पर जांच कराने तथा जल संरक्षण को लेकर नागरिकों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।आयुक्त इंद्रा देवहारी ने कहा कि जल संकट से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने तथा शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान शहर के शहरी विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इसमें अधोसंरचना विकास, स्वच्छता व्यवस्था, सड़क एवं नाली निर्माण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार सहित आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि ग्रीष्मकाल के दौरान जल आपूर्ति व्यवस्था एवं शहरी विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि शहरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!