Uncategorized

कलेक्टर ने कुकरेल स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने दिए निर्देश

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा विकासखंड नगरी अंतर्गत कुकरेल स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपचार हेतु आए मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार व्यवस्था, दवाई वितरण, भोजन एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।

प्रसूति कक्ष से वार्ड तक व्यवस्थाओं की समीक्षा

कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रसूति कक्ष, मरीज वार्ड, दवा वितरण कक्ष, इंजेक्शन कक्ष सहित अन्य आवश्यक कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों को प्रदान किए जा रहे भोजन एवं नाश्ते की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि मरीजों को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इस संबंध में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश मौके पर उपस्थित अधिकारियों को दिए।

स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर

उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का अवलोकन कर नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को शुद्ध पेयजल की समुचित सुविधा उपलब्ध हो।

योगा एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित योग गतिविधियों की जानकारी ली। चिकित्सकों द्वारा अवगत कराया गया कि प्रत्येक शनिवार को योग सत्र आयोजित किया जाता है। कलेक्टर ने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने निजी चिकित्सा संस्थान से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक रूप से बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी परिस्थिति में मरीजों को दवाओं के लिए भटकना न पड़े।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यू.एल. कौशिक सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!