किले के बुढ़ेश्वर महादेव की शाही बारात में उमड़ा भक्तों का सैलाब
अघोरी बाबा, डमरुधारी टीम, बस्तर नृत्य, आंगा देव, शिव पार्वत, भूत पिशाच झांकी आदि रही भक्तो में आकर्षण का केन्द्र
कटप्पा व नरमुुंड में बैठे शिव-पार्वती, ओडिशा, बालाघाट व बनारस के कलाकारों ने बनाया माहौल

धमतरी। किले के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा महाशिवरात्रि पर्व को महोत्सव के रुप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत कल शाम महादेव की भव्य शाही बारात निकाली गई। मां विंध्यवासिनी मंदिर से बारात निकली जो कि शहर के मुख्य मार्गो रामबाग, गणेश चौक, सदर बाजार, बालक चौक, गोल बाजार, घड़ी चौक, रत्नाबांधा होते हुए इतवारी बाजर के पास स्थित किले के बूढ़ेश्वर मंदिर पहुंची।
उल्लेखनीय है कि किले के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट द्वारा महाशिवरात्रि पर्व को महोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया जा रहा है। 11 फरवरी से हल्दी रस्म के साथ महोत्सव प्रारंभ हुआ। 12 को मेहंदी एवं 13 को मंगल गीत की रस्म किले के बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर में निभाई गई। कल शाम विंध्यवासिनी मंदिर से किले के बूढ़ेश्वर महादेव की भव्य शाही बारात निकाली गई। इसमें नागपुर के अघोरी एवं भूत-प्रेत दानव कलाकार सहित सैंकड़ों भक्त शामिल होकर शिव पर आधारित गीतों में झूमते रहे। बारात का जगह-जगह लोगों ने स्वागत एवं पूजन कर महादेव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

बूढ़ेश्वर महादेव के बारात में कई नयनाभिराम झांकी एवं कलाकारों के करतब शहर में आकर्षण का केन्द्र बना रहा। इसमें उड़ीसा से पहुंचे कटप्पा टीम व बालाघाट के अघोरी एवं बनारस के डमरूधारी मंडली शामिल है। साथ ही कलकत्ता के गणेश, शंकर, हनुमान, परशुराम झांकी के अलावा आरंग के कलाकारों द्वारा माताओं की झांकी एवं नागपुर की काली मां की झांकी आकर्षण रही। उज्जैन की नरमुंड की ढेर में बैठे शिव पार्वती के अलावा बिग भालू भी लोगों में आकर्षण रहा। इसके अलावा आदिवासी नृत्य, यादव नृत्य, घोड़ा नृत्य, स्केटिंग करतब भी आकर्षण रहा। आंगादेव सहित अन्य देव भी नजर आये। बारात का पूरे शहरवासियों ने जगह-जगह स्वागत कर अपनी आस्था प्रकट की। बुढ़ेश्वर महादेव के शाही बारात में किले के बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विपिन पवार, रीतुराज पवार, निलेश लुनिया, मुकेश सुखवानी, गोपाल वाधवानी, सलज अग्रवाल, महेन्द्र खंडेलवाल, देव फूटान, आकाश कुमार, गोपाल वाधवानी, कमल कांत सहित सैंकड़ों भक्त शामिल हुए।
विधायक सहित भक्तों ने उठाई महादेव की पालकी

महाशिवरात्रि के पूर्व संध्या निकाले गए भव्य बारात में महादेव की शाही पालकी निकाली गई। जिसे उठाने भक्तों में होड़ मची रही। विधायक ओंकार साहू सहित कई जनप्रतिनिधियों व भक्तों ने कांधे में पालकी में लेकर चले और जगत कल्याण की कामना श्री बुढ़ेश्वर महादेव से की।
