Uncategorized

महाशिवरात्रि पर ग्राम कलारतराई में महापौर रामू रोहरा ने की पूजा-अर्चना, पंडवानी का लिया आनंद


धमतरी। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर ग्राम कलारतराई में भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत इस आयोजन में नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा विशेष रूप से उपस्थित हुए।महापौर श्री रोहरा ने भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं नगरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। महापौर श्री रोहरा ने पंडवानी का रसपान करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक संस्कार पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!