Uncategorized

स्वास्थ्य कार्यकर्त्ताये ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं-ओंकार साहू

नपं आमदी में ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण समिति द्वारा आयोजित स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं जनसंवाद कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि रहे विधायक

नगर पंचायत आमदी में ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण समिति द्वारा आयोजित स्वस्थ पंचायत सम्मेलन एवं जनसंवाद कार्यक्रम में धमतरी विधायक ओंकार साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी , मितानिन कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी ली और जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पंचायत की परिकल्पना तभी साकार होगी जब प्रत्येक परिवार स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित पोषण के महत्व को समझे और उसे अपनाए।जनसंवाद के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया मुक्ति अभियान, कुपोषण की रोकथाम, पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने विशेष रूप से गर्भवती माताओं एवं नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक आहार और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके प्रयासों से ही शासन की योजनाएं घर-घर तक पहुंच पा रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित मितानिनों ने समस्याएं एवं सुझाव साझा किए, जिनमें स्वास्थ्य केंद्रों में संसाधनों की उपलब्धता, दवाइयों की नियमित आपूर्ति तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग प्रमुख रही। विधायक ने आश्वस्त किया कि इन मुद्दों पर संबंधित विभाग से समन्वय कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जनसंवाद जैसे कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सशक्त और जागरूक पंचायत का निर्माण संभव है। सम्मेलन सकारात्मक संवाद, जनभागीदारी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!