Uncategorized

होली पर्व (होलिका दहन एवं धुलेंडी) पर पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था,विशेष पुलिस प्रबंध लागू

लगभग 300 से अधिक पुलिस बल, 33 चारपहिया पेट्रोलिंग,15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, 2 क्यूआरटी टीम एवं 23 फिक्स पिकेट सहित रिजर्व बल तैनात

उपद्रवियों, अवैध शराब कारोबारियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर – यातायात, ध्वनि एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के विशेष निर्देश

होली पर्व के अवसर पर जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु धमतरी पुलिस द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष दो को होलिका दहन एवं चार को रंग-गुलाल (धुलेंडी) का पर्व मनाया जाएगा। त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सोमवार सायं 4 बजे से आगामी आदेश तक विशेष पुलिस प्रबंध लागू किया गया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के सतत मॉनिटरिंग में संपूर्ण व्यवस्था संचालित की जा रही है तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुभाग धमतरी, कुरूद, नगरी एवं केरेगांव-अकलाड़ोगरी क्षेत्रों में संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है।त्योहार के दौरान लगभग 300 से अधिक पुलिस बल, 33 चारपहिया वाहन पेट्रोलिंग,15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग,02 क्यूआरटी टीम (त्वरित कार्यवाही दल), 23 फिक्स पिकेट एवं पर्याप्त रिजर्व बल मय बॉडीगार्ड हेलमेट एवं बलवा ड्रिल सामग्री के साथ तैनात किया गया है। शहर में होलिका दहन के छोटी बड़ी मिलाकर लगभग 100- 110 जगहोंं पर होली जलाई जायेगी।होली त्योहार (धुलेंडी)पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सतत पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है।
नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी पेट्रोलिंग पार्टियों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी तथा जिला विशेष शाखा एवं साइबर टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक, व्हाट्सएप आदि) पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले संदेशों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। होटल, लॉज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गेस्ट हाउस आदि स्थानों पर सघन चेकिंग की जा रही है।यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। दोपहिया वाहन में दो से अधिक सवारी, मुखौटा लगाकर वाहन चलाना, शराब सेवन कर वाहन चलाना पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर से सघन जांच की जाएगी एवं आवश्यकतानुसार वाहन जप्त किए जाएंगे। हाईवे पेट्रोलिंग दल विभिन्न प्रमुख मार्गों पर निरंतर भ्रमण कर दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आपात स्थिति में त्वरित राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करेंगे।अवैध शराब बिक्री, हुड़दंग, छेड़छाड़, मारपीट, चाकूबाजी एवं जबरन रंग डालने जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। गुंडा/निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग, बाउंड ओवर की कार्यवाही तथा आवश्यकतानुसार जिला बदर एवं एनएसए के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जाएगी।ध्वनि नियंत्रण के संबंध में लाउडस्पीकर एवं डीजे निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि स्तर के अनुरूप ही संचालित किए जाएंगे। वर्तमान में जारी बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए अत्यधिक शोर-शराबा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। होलिका दहन बिजली तारों एवं खंभों के नीचे न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है तथा अग्निशमन वाहन मय स्टाफ को तैनात रखा गया है।पेट्रोलिंग वाहनों के माध्यम से लाउडस्पीकर द्वारा नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं। धमतरी पुलिस पूर्ण मुस्तैदी, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी पर तैनात है। त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।धमतरी पुलिस की अपील – होली पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!