अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लेडीज क्लब ने किया महिलाओं का सम्मान

धमतरी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धमतरी के साहेब रेस्टोरेंट में लेडीज़ क्लब द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं क्लब की प्रार्थना से हुई। इसके पश्चात क्लब की संरक्षिका श्रीमती कामिनी कौशिक, अध्यक्ष श्रीमती काजल सिन्हा, सचिव श्रीमती साधना साहू एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती रचना नायडू मंचासीन रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण एवं समाज में नारी की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। संरक्षिका श्रीमती कामिनी कौशिक ने अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उन्होंने जीवन के विभिन्न रंगों को दर्शाते हुए कहा कि जीवन में कभी धूप, कभी छांव और कभी बारिश जैसे अनेक रंग देखने को मिलते हैं। अध्यक्ष श्रीमती काजल सिन्हा ने अपने संबोधन में नारी सम्मान पर बल देते हुए कहा कि नारी का अपमान नहीं करना चाहिए। सचिव श्रीमती साधना साहू ने कहा कि बेटी के साथ-साथ बेटे को भी संस्कारित करना आवश्यक है। कोषाध्यक्ष श्रीमती रचना नायडू ने नारी तेरे रूप अनेक विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए गीत भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में श्रीमती नीता रणसिंग ने अहिल्याबाई होल्कर के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही, वहीं श्रद्धा कश्यप ने रानी लक्ष्मीबाई और तनुजा सेन ने रानी अवंतीबाई लोधी के साहस और वीरता का उदाहरण प्रस्तुत किया। पूनम सिंह ने नारी में नम्रता, हिम्मत और मर्यादा के गुणों पर प्रकाश डाला। संगीता सिन्हा, बीना नायडू, गायत्री साहू, सीमा हरदेल, रेनू खनूजा सहित अन्य महिलाओं ने भी अपने विचार रखे। माधवी शर्मा ने वरिष्ठ महिला सदस्यों के जीवन संघर्ष पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान शुभ्रा गौर और आरती कौशिक ने मधुर गीतों की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित महिलाओं ने सराहा। इसके अलावा क्लब की महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इस आयोजन का सौजन्य आरती कौशिक एवं शुभ्रा गौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सभी महिलाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सचिव साधना साहू ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष रचना नायडू ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शारदा साहू, मंजू महावर, मंजू सेन, डॉ. भारती राव, लीला शर्मा, देविका साहू, हरजीत आजमानी, संतोष लखोटिया, ज्योति गुप्ता, सरला खंडेलवाल, आशा गुप्ता, बबली रजोरिया, शबाना रिजवी, शिरीन हाशमी, प्रतिमा दीवान, शाबिरा हाशमी, प्रेम चौधरी सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन को उत्साह और रंगों से भर दिया।