Uncategorized

कलेक्टर ने खाद्य विभाग एवं गैस एजेंसी संचालकों की ली बैठक

कहा- घरेलू गैस सिलेण्डरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में न होने पाए

 

धमतरी 13 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं गैस एजेंसी के संचालकों की बैठक लेकर जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति के संबंध में समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित की गई बुकिंग की समय सीमा, गैस कनेक्शन की आवश्यक सुरक्षा जांच एवं घरेलू गैस सिलेण्डरों का दुरूपयोग रोकने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि घरेलू गैस के उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी एजेंसियां शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। बैठक में उपस्थित विभिन्न गैस एजेंसियों के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में घरेलू गैस सिलेण्डरों की रिफिलिंग प्रभावित न होने पाए। साथ ही इसकी कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य विभाग के अधिकारियों को टीम गठित कर गैस गोडाउन का निरीक्षण करने और आपूर्ति पर सतत् निगाह रखने के निर्देश दिए।
बैठक में खाद्य अधिकारी श्री बी.के.कोर्राम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पिछली रिफिलिंग के 45 दिन बाद अगली रिफिलिंग के लिए मोबाईल से ओटीपी के जरिए बुकिंग की जा रही है। इसी तरह शहरी उपभोक्ताओं के लिए दोनों रिफिलिंग के बीच में 25 दिनों के अंतराल में गैस मुहैया कराई जा रही है। साथ ही सभी उपभोक्ताओं को ई-केवायसी कराने के लिए उन्हें गैस कार्ड, आधार कार्ड तथा मोबाईल के साथ गैस एजेंसी में उपस्थित होने कहा गया है। यह भी बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा पिछले दो दिनों से घरेलू गैस सिलेण्डरों का दुरूपयोग रोकने व्यावसायिक होटलों व अन्य संस्थानों में जांच की जा रही है। निर्देशों की अवहेलना करने के संबंध में अब तक 04 प्रकरण बनाकर उनसे 08 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलण्डर की नियमित आपूर्ति जारी है तथा पर्याप्त संख्या में सिलेण्डर उपलब्ध हैं। इस पर कलेक्टर ने विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में घरेलू गैस सिलेण्डर का उपयोग व्यावसायिक उपयोग के लिए होने न पाएं। ऐसे मामलों को सख्ती से संज्ञान में लेते हुए संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर खाद्य विभाग सहित विभिन्न गैस कम्पनियां के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक व स्थानीय एजेंसी के संचालकगण उपस्थित थे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!