छत्तीसगढ़ से एकमात्र विशेष खिलाड़ी सत्यांशु दीप का राष्ट्रीय एथलेटिक्स कोचिंग कैंप में चयन
सार्थक स्कूल के खिलाड़ी ने मेहनत और हौसले से बनाई पहचान, अंतर्राष्ट्रीय मंच की ओर बढ़ते कदम

विशेष बच्चों के प्रशिक्षण एवं सेवा केंद्र सार्थक स्कूल, धमतरी के प्रतिभावान खिलाड़ी सत्यांशु दीप का चयन स्पेशल ओलिंपिक्स भारत के राष्ट्रीय एथलेटिक्स कोचिंग कैंप के लिए हुआ है। यह प्रशिक्षण शिविर 21 से 30 मार्च 2026 तक ग्वालियर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ से सत्यांशु दीप एकमात्र विशेष खिलाड़ी के रूप में सहभागिता करेगा।लगभग 40 प्रतिशत बौद्धिक दिव्यांगता के बावजूद सत्यांशु ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। उसकी यह उपलब्धि न केवल सार्थक संस्था, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सार्थक संस्था की ओर से एक संक्षिप्त एवं उत्साहवर्धक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी, सचिव स्नेहा राठौड़ तथा सदस्य अशोक खंडेलवाल एवं कीर्ति गोयल ने सत्यांशु दीप एवं उनकी माता श्रीमती रंभा दीप का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सत्यांशु को उपयोगी उपहार भेंट किए गए।
संस्था की अध्यक्ष ने जानकारी दी कि, सत्यांशु का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा तो उसे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चयन का अवसर मिल सकता है तथा वह भारत की आधिकारिक स्पेशल ओलंपिक्स टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है।
इस अवसर पर स्पेशल Olympicsw भारत छत्तीसगढ़ के डायरेक्टर प्रमोद कुमार तिवारी एवं स्पेशल स्पोर्ट्स एक्सपर्ट रवि जैन ने भी सत्यांशु को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा सार्थक संस्था के प्रयासों की सराहना की।सत्यांशु दीप ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह और अधिक मेहनत एवं अभ्यास कर भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त करेगा ।
