शिक्षा में किया गया निवेश कई गुना होकर लौटता है : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
आईआईटी, मेडिकल और प्रशासनिक सेवाओं का लक्ष्य रखें युवा
धीवर समाज के प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर काउंसलिंग समारोह में 85 मेधावी विद्यार्थियों और राष्ट्रीय खिलाडिय़ों का सम्मान

धमतरी। धीवर समाज के कैरियर काउंसलिंग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं एसडीएम पीयूष तिवारी ने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 85 छात्र-छात्राओं को पुस्तक, कॉपी, पेन एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर कराते प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाडिय़ों अंजली फूटान, रिया फूटान एवं संतोषी मत्स्यपाल को धीवर समाज गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा किसी भी परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर किया गया व्यय वास्तव में भविष्य में किया गया निवेश है, जिसका लाभ कई गुना होकर पूरे समाज और देश को प्राप्त होता है। एसडीएम पीयूष तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी बड़ी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए धैर्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास आवश्यक है। गणित विषय के व्याख्याता एवं मास्टर ट्रेनर आलोक मत्स्यपाल ने इंजीनियरिंग, बैंकिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी एवं वित्तीय क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। वहीं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को मनोचिकित्सक डॉ. निधि वर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के प्रभावी उपाय बताए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा के संरक्षक सेवकराम तारक, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कुमार धीवर, महासचिव डॉ. रामलाल पेंदरिया, अध्यक्षता कर रहे परमेश्वर फूटान, दिलीप कुमार नाग एवं रायपुर परगना अध्यक्ष दीपक धीवर सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
