Uncategorized

भाजपा का सेवा संकल्प अभियान केवल छलावा: सत्ता के मद में चूर होकर सरकारी संपत्तियों और शिक्षण संस्थानों का किया जा रहा राजनीतिकरण- तारिणी चंद्राकर

भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर शुरू किए गए देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष श्रीमती तारिणी चंद्राकर ने केवल एक ढोंग और राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। उन्होंने इस अभियान की आड़ में सरकारी तंत्र, शासकीय संपत्तियों के खुले दुरुपयोग और स्थानीय पंचायतों तथा शिक्षण संस्थानों के ऊपर बनाए जा रहे दमनकारी प्रशासनिक दबाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। तारिणी चंद्राकर ने कहा कि आज जब देश और छत्तीसगढ़ की जनता बेकाबू महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी और गंभीर आर्थिक तंगी से त्रस्त है, तब भाजपा सरकार जनता के घावों पर मरहम लगाने के बजाय सरकारी मशीनरी को एक राजनेता की ब्रांडिंग में झोंक रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धमतरी जिले सहित पूरे जिले के स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम पंचायतों में भाजपा के इस राजनीतिक कार्यक्रम को जबरन थोपा जा रहा है। प्राचार्यों, शिक्षकों और पंचायत प्रतिनिधियों पर मौखिक व लिखित प्रशासनिक आदेशों के जरिए दबाव बनाया जा रहा है कि वे इस अभियान में भीड़ जुटाएं और भाजपा के एजेंडे को आगे बढ़ाएं। श्रीमती चंद्राकर ने पूछा कि यदि यह भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक कार्यक्रम है, तो इसमें शासकीय भवनों, सरकारी गाड़ियों, विभागीय फंड और पूरे प्रशासनिक अमले का दुरुपयोग क्यों किया जा रहा है? आम जनता की गाढ़ी कमाई से वसूले गए टैक्स के पैसों का इस्तेमाल एक दल विशेष के ‘उत्सव’ के लिए करना पूरी तरह से अनैतिक और वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। भाजपा ने सरकारी संपत्तियों को अपनी निजी जागीर समझ लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि आज धमतरी जिले के ग्रामीण और शहरी अंचलों में बुनियादी विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं। किसान खाद-बीज की बढ़ती लागत से परेशान हैं और शिक्षित युवा रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए 25 वर्षों के जन सेवा का झूठा ढोल पीट रही है, जो कि असल में आम जनता के आर्थिक शोषण की गाथा मात्र है। तारिणी चंद्राकर ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार को स्पष्ट शब्दों में आगाह किया है कि पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों पर किसी भी प्रकार का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष अनैतिक दबाव तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। यदि सरकारी संपत्तियों का दुरुपयोग और लोकतंत्र विरोधी कृत्य नहीं रोके गए, तो जिला कांग्रेस कमेटी आम जनता, युवाओं और छात्र संगठनों को साथ लेकर सड़क पर उतरेगी और इस दमनकारी तानाशाही के खिलाफ एक उग्र जन-आंदोलन का बिगुल फूंकेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!